रिपोर्ट – पुरुषोत्तम कुमार
जमुई से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बेटियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है।
टाउन थाना क्षेत्र के एक नामचीन प्राइवेट आवासीय विद्यालय के निदेशक पर एक छात्रा के साथ कार्यालय कक्ष में बुलाकर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है।
घटना के बाद रविवार को पीड़ित परिवार जब विद्यालय पहुंचा तो जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने निदेशक पर गंभीर आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। मामला बढ़ने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और निदेशक को पूछताछ के लिए टाउन थाना लाया गया। पीड़ित परिवार ने रविवार शाम टाउन थाना में लिखित आवेदन देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि जब वे विद्यालय पहुंचे तो पहले निदेशक ने मिलने से इनकार कर दिया और छात्रावास के गेट पर ताला लगा दिया गया ताकि वे अपनी बच्ची से न मिल सकें। काफी हंगामे के बाद जब छात्रा से मिलवाया गया तो उसने आपबीती बताई।
पीड़िता का आरोप है कि उसे अनुशासन के नाम पर निदेशक के कार्यालय में बुलाया गया था और वहां उसके साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ की गई।
वहीं एक अन्य छात्रा ने भी आरोप लगाया है कि निदेशक का व्यवहार कई छात्राओं के प्रति ठीक नहीं रहता है। कई छात्राओं के साथ इस तरह की हरकत की जा चुकी है।पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि पूरे विद्यालय और छात्रावास में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन निदेशक के कार्यालय में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जो कई सवाल खड़े करता है।
पीड़ित परिवार का यह भी कहना है कि पूरे विद्यालय और छात्रावास में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन निदेशक के कार्यालय में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, जो कई सवाल खड़े करता है।
वहीं इस पूरे मामले पर विद्यालय के निदेशक ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत और साजिश बताते हुए इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस विद्यालय में अभिभावक अपनी बेटियों को सुरक्षित समझकर पढ़ने के लिए भेजते हैं, अगर वहीं पर इस तरह के आरोप लगेंगे तो बेटियां कैसे सुरक्षित रहेंगी। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या सच सामने आता है और दोषी पर क्या कार्रवाई होती है।




