भोजपुर- समाजसेवी मो. जफी की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

भोजपुर के गड़हनी में समाजसेवी मो. जफी की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम!

भोजपुर जिले के गड़हनी से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवी मोहम्मद जफी की गोली लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने गड़हनी गोला के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण अपराधियों की गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।

मृतक की पहचान 48 वर्षीय मोहम्मद जफी, पिता स्वर्गीय मोहम्मद इस्लाम, निवासी वार्ड संख्या-4, गड़हनी, थाना चरपोखरी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि मोहम्मद जफी सामाजिक कार्यकर्ता थे और इलाके में सूखा नशा तथा हेरोइन के कथित कारोबार के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। इसी बीच बदमाशों ने घर में घुसकर उन्हें गोली मार दी।

गोली उनके बाएं हाथ के बाजू में लगी, जबकि एक गोली नाभि के नीचे भी लगने की बात सामने आ रही है। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जफी की मौत की खबर फैलते ही गड़हनी में ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने गड़हनी गोला के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

घटना को लेकर ग्रामीणों में चरपोखरी थानाध्यक्ष के खिलाफ भी काफी नाराजगी बताई जा रही है। सड़क जाम के कारण आवागमन प्रभावित है और इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गोलीकांड के पीछे की वजह और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सामाजिक कार्यकर्ता मोहम्मद जफी की हत्या के पीछे कौन लोग हैं और क्या नशे के कारोबार के खिलाफ उनकी सक्रियता ही इस वारदात की वजह बनी? पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

Join us on: