रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
जेडीयू कार्यकर्ता सह समाजसेवी स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार नालंदा के चंडी प्रखंड स्थित गौढ़ापर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय देवलाल प्रसाद के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।इस दौरान नीतीश कुमार ने अपने पुराने जेडीयू कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से भी मुलाकात की। मौके पर हिलसा विधायक प्रेम मुखिया, एमएलसी नीरज कुमार, जेडीयू नेता अनिल मुखिया, प्रेम कुमार और ई. सुनील समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।वहीं, जेडीयू का नाम बदलने को लेकर आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र के बयान पर पलटवार करते हुए जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि पार्टी का नाम जनता दल यूनाइटेड है और ‘यूनाइटेड’ का मतलब ही एकजुटता है। नीतीश कुमार और निशांत कुमार के नेतृत्व में पार्टी मजबूती से चल रही है और इसे कोई खरोंच तक नहीं पहुंचा सकता।नेताओं ने कहा कि बड़े-बड़े दिग्गज पार्टी छोड़कर चले गए, लेकिन उनके साथ एक प्रखंड अध्यक्ष तक नहीं गया। आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा गया कि आईआरसीटीसी मामले में लालू यादव और तेजस्वी यादव की कोर्ट में पेशी शुरू हो चुकी है। नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि जो पार्टी आज दूसरों के टूटने की बात कर रही है, उसे पहले अपने घर की स्थिति देखनी चाहिए।जेडीयू नेताओं ने दावा किया कि तेजप्रताप यादव के राजनीतिक रुख और रोहिणी आचार्य के राजनीतिक डंक से आरजेडी पहले ही राजनीतिक तौर पर कमजोर और क्षतिग्रस्त हो चुकी है।वहीं, सांसद कौशलेंद्र कुमार ने स्वर्गीय देवलाल प्रसाद को पार्टी का समर्पित और तेज-तर्रार कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा जेडीयू के सच्चे सिपाही के रूप में काम किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार हमेशा अपने पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान करते रहे हैं और देवलाल प्रसाद के परिवार के प्रति भी उनकी यही संवेदनशीलता देखने को मिली।
मिथुन कुमार, संवाददाता नालंदा




