रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा के सरमेरा प्रखंड में समीक्षात्मक बैठक और जनसंवाद कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों की टीम के साथ टाल क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। डीएम ने पेंदी जमींदारी बांध, इसुआ जमींदारी बांध और सगहा जमींदारी बांध का स्थलीय जायजा लेते हुए जलस्तर और तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मौके पर SDRF की टीम और स्पीड बोट तैनात मिली। टाल क्षेत्र में गंगा नदी के बैकवाटर के कारण तेजी से पानी फैलने की आशंका रहती है, जिससे पेंदी, इसुआ और सगहा गांव प्रभावित होते हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को बांधों पर 24 घंटे निगरानी रखने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सैंडबैग तैयार रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कटाव रोकने के निर्देश दिए। हालांकि, प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने आवागमन की समस्या को देखते हुए पुल और सड़क निर्माण की मांग रखी। डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को अविलंब DPR तैयार करने का निर्देश देते हुए जनहित के इस कार्य को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।




