आरा/आशुतोष पाण्डेय!
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में SDRF का सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
गर्भवती महिलाओं, गंभीर मरीजों, बुजुर्गों व बच्चों को प्राथमिकता, सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा
आरा। भोजपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा के निर्देशन में एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीमें संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटी हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं, डायलिसिस एवं कैंसर से पीड़ित गंभीर मरीजों, वृद्धजनों और बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा अन्य जरूरतमंद एवं संवेदनशील लोगों को भी आवश्यकता के अनुसार रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
एसडीआरएफ की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर लोगों की स्थिति का जायजा ले रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध करा रही हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी व्यक्ति को संकट की स्थिति में अकेला न छोड़ना पड़े।
24 घंटे संचालित है जिला आपातकालीन संचालन केंद्र
जिला प्रशासन द्वारा जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। बाढ़ अथवा किसी अन्य आपात स्थिति में सहायता के लिए लोग 94723 98730 एवं 06182-221233 पर संपर्क कर सकते हैं।



