बेतिया- अनियंत्रित होकर खेत में पलटी दर्जनों यात्रियों से भरी बस!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!

खबर बेतिया के मैंनाटांड से है जहाँ पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इनरवा से बेतिया जा रही शिवदानी बस अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के दौरान बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी यात्री बाल-बाल बच गए।

जानकारी के अनुसार, शिवदानी बस सुबह करीब 7 बजे इनरवा से बेतिया के लिए रवाना हुई थी। पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुरुषोत्तमपुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में घायल यात्रियों को पुलिस की मदद से तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

पुरुषोत्तमपुर थानाध्यक्ष कमलेश भगत ने बताया कि बस पलटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।

हैरानी की बात यह है कि इस इलाके में बस पलटने की यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ सप्ताह पहले पकुहवा गांव के पास भी एक बस पोखर में जाकर पलट गई थी। लगातार हो रही बस दुर्घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join us on: