पंकज कुमार जहानाबाद
जहानाबाद के सदर प्रखंड में तैनात मनरेगा के कनीय अभियंता (जेई) अमन कुमार को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार को 20 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शहर के अंबेडकर चौक के समीप स्थित एक होटल से की गई। बताया जाता है कि इसी होटल में रिश्वत की रकम लेने की डील तय हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत जामुक पंचायत में कराए गए कार्यों के सत्यापन के एवज में जेई द्वारा रोजगार सेवक से कथित रूप से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी। रिश्वत मांगे जाने की शिकायत रोजगार सेवक ने निगरानी विभाग से की थी। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपित जेई को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
तय योजना के अनुसार मंगलवार को अमन कुमार रिश्वत की रकम लेने के लिए अंबेडकर चौक के समीप स्थित होटल पहुंचे। जैसे ही उन्होंने 20 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद निगरानी विभाग की टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान होटल में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम अमन कुमार को अपने साथ ले गई। टीम द्वारा उनसे पूछताछ के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद आरोपित को पटना ले जाने की कार्रवाई की जाएगी।
निगरानी विभाग की कार्रवाई की खबर फैलते ही मनरेगा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में निगरानी विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है।




