आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। बाढ़ के पानी से घिरे गांवों में लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इसी बीच बाढ़ के पानी में डूबने से एक 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना बबूरा थाना क्षेत्र के बबूरा गांव में बड़ी दुर्गा मंदिर के समीप की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान बबूरा गांव निवासी कुंवर पासवान, उम्र करीब 45 वर्ष, पिता दीनदयाल पासवान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार की देर शाम कुंवर पासवान अपने घर से मुखिया के द्वार की ओर पशुओं के लिए चारा लाने जा रहे थे। इसी दौरान वह बाढ़ के पानी की चपेट में आ गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
कुंवर पासवान की पत्नी का नाम शांति देवी बताया जा रहा है। उनके परिवार में एक बेटा दुखन पासवान और एक बेटी सनी कुंवर है।
भोजपुर के बड़हरा विधानसभा क्षेत्र के कई इलाके इन दिनों बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं। बाढ़ के कारण लोगों को आवागमन, पशुओं के चारे और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बबूरा में हुई इस घटना ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की परेशानी को एक बार फिर सामने ला दिया है।
फिलहाल घटना के बाद स्थानीय स्तर पर प्रशासन को इसकी सूचना दी गई है। बाढ़ के पानी में आवागमन के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।



