रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय!
खगड़िया। जिले में विभिन्न नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर रविवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने सदर प्रखंड कार्यालय से भाग लिया। बैठक के दौरान विधायक ने खगड़िया विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति और प्रभावित लोगों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की।
विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायत पूरी तरह बाढ़ प्रभावित हैं। इन पंचायतों में करीब 35 हजार की आबादी बाढ़ की स्थिति से प्रभावित है। उन्होंने अधिकारियों को इन क्षेत्रों में प्रभावित लोगों तक हर संभव सहायता तत्काल पहुंचाने का निर्देश दिया।
विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित इलाकों की लगातार निगरानी करते हुए जरूरत के अनुसार पॉलीथिन शीट, सूखा राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जरूरत वाले क्षेत्रों में सामुदायिक रसोई शुरू कर लोगों को भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान विधायक ने मानसी प्रखंड के मटिहानी, जालिम बाबू टोला और पूर्वी ठाठा के चैधा बांध वार्ड नंबर 14 में भी बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। इसके अलावा खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19, 30 और 31 के प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से सभी प्रभावित स्थानों की स्थिति की जांच कर पीड़ित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने को कहा।
विधायक ने कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय रहने की जरूरत है। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाए।
बैठक में मौजूद एसडीओ धनंजय कुमार ने विधायक द्वारा दिए गए निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ पूरण साह और सीओ पुनीत कौशल को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर स्थिति का जायजा लेने और जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाने को कहा गया।




