:- रवि शंकर अमित!
तेघड़ा, 03 सितंबर 2026।
तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर आज मधुरापुर बोल्डर घाट, बरौनी-2 एवं निपानिया मधुरापुर पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों का विधायक श्री रजनीश कुमार ने भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान विधायक ने तटबंध एवं नदी के जलस्तर की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, तेघड़ा, डीएसपी, तेघड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, तेघड़ा सहित जल संसाधन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक श्री रजनीश कुमार ने कहा कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए आमजन को समय पर आवश्यक सूचना एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जनता की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर परिस्थिति में तत्पर रहना हमारी प्राथमिकता है।




