रिपोर्टर– राजीव कुमार झा
मधुबनी, रक्षाबंधन के पर्व पर भारत- नेपाल सीमा पर उस समय भावनात्मक दृश्य देखा गया जब महिला विकास मंच, मधुबनी इकाई की सदस्यों ने जयनगर बॉर्डर के नजदीक (बीओपी कमला) मुख्यालय में तैनात एसएसबी 48 वीं बटालियन के सहायक कमांडर हिमांशु मोहंती एवं अधिकारियों और जवानों के साथ मिलकर भाय बहन का पवित्र पर्व रक्षा बंधन मनाया। संगठन की जिला उपाध्यक्ष शोभा देवी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने न केवल पुरुष जवानों बल्कि सीमा चौकी पर ड्यूटी निभा रही महिला जवानों की कलाई पर भी राखी बांधकर उन्हें भातृत्व और अपनत्व का संदेश दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत वेदपाठ व स्वागत से हुई, फिर महिला मंच की महिलाओं ने जवानों को तिलक लगाया, राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया। आयोजन में मिथिला की परंपरा के अनुरूप सभी का गरिमापूर्ण अभिनंदन किया गया। नेपाल सीमा पर ड्यूटी दे रही 48 वीं वाहिनी की महिला जवानों की कलाई पर राखी बांधना कार्यक्रम का सबसे संवेदनशील और उल्लेखनीय पहलू रहा। महिलाओं ने कहा कि देश की रक्षा में योगदान देने वाली बेटियाँ किसी भी मायने में बेटा से कम नहीं हैं। रक्षाबंधन के इस मौके पर उन्हें परिवार और समाज से वह प्यार व समर्थन दिखाना आवश्यक था। महिला विकास मंच की सदस्यों ने बताया कि त्योहारों पर घर से दूर रहे जवानों को परिवार की कमी अधिक खलती है, इसलिए समाज की ओर से यह छोटा सा कदम उनके त्याग और समर्पण का सम्मान करने का तरीका है। तो वहीं, उपस्थित एसएसबी के अधिकारियों ने इस तरह के कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए संस्था के द्वारा समाजोपयोगी तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की है। अधिकारियों ने भी महिला विकास मंच की सदस्यों का स्वागत कर उनका सम्मान किया और संस्था को आगे भी समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। समाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए कार्यक्रम में फलदार पौधरोपण भी किया गया। आयोजित कार्यक्रम में महिला विकास मंच जयनगर एवं मधुबनी के बहनों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मौके पर आयोजित कार्यक्रम ने रक्षाबंधन के पारंपरिक भाव से बढ़कर देश की हिफाजत में तैनात पुरुष और महिला जवानों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और अपनत्व का सशक्त संदेश दिया गया।




