95:95:99 अभियान-2026 के तहत एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित!

SHARE:

रिपोर्ट डॉ अनमोल कुमार

बिहटा, पटना। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना के तत्वावधान में 95:95:99 अभियान-2026 के अंतर्गत बिहटा प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं युवा क्लब के सदस्यों के बीच एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, जांच एवं उपचार से संबंधित सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बबलु कुमार ने बताया कि छात्र-छात्राओं व युवाओं को HIV के संक्रमण के प्रमुख कारण, बचाव के तरीके, समय पर जांच कराने की आवश्यकता तथा उपचार की उपलब्धता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को सुरक्षित व्यवहार अपनाने, स्वयं जागरूक रहने तथा अपने साथियों एवं समुदाय को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर टी.पी. उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिहटा की प्रभारी प्रधानाध्यापक श्रीमती अनिता राकेश ने अपने संबोधन में कहा कि “आज के युवा समाज के सबसे प्रभावशाली वर्ग हैं। एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी ही बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों से छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक तथ्यों की जानकारी मिलती है और वे स्वयं जागरूक होकर अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक कर सकते हैं। हमें एचआईवी से संक्रमित लोगों के प्रति भेदभाव नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और सहयोग की भावना रखनी चाहिए।”
कार्यक्रम में युवाओं को “Breakfree – सेहत की ओर डिजिटल सफर” के माध्यम से एचआईवी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। डिजिटल माध्यम से युवाओं को Self Risk Assessment के बारे में भी जागरूक किया गया, जिससे वे अपने स्वास्थ्य एवं संभावित जोखिमों के संबंध में स्वयं आकलन कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की ओर कदम बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में युवा क्लब के सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता की। उपस्थित युवाओं ने एचआईवी/एड्स से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अपने स्तर से समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सही जानकारी, समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और उपचार तक पहुंच—एचआईवी/एड्स से बचाव एवं नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

Join us on: