रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
आरा। माई भारत, भोजपुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा खेलों के माध्यम से स्वस्थ, अनुशासित एवं सशक्त युवा भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम के विचारों एवं संदेशों को ध्यानपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन से स्वयंसेवकों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। स्वयंसेवकों ने नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. शैलेन्द्र कुमार चतुर्वेदी, कुलसचिव डॉ. रामकृष्ण ठाकुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ. साधना राव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जगजीवन कॉलेज की प्राचार्या डॉ. आभा सिंह, महाराजा कॉलेज की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अंकिता ओझा, एस.बी. कॉलेज की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मनीषा, जगजीवन कॉलेज की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. जूली, जैन कॉलेज के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. जगनारायण मिश्रा एवं जैन कॉलेज की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. निहारिका को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना भी विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित एनएसएस स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों को नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। स्वयंसेवकों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य युवाओं को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
एक दिवसीय संवाद कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन ‘स्वस्थ युवा–सशक्त युवा–नशामुक्त युवा’ के संदेश और संकल्प के साथ हुआ।



