नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा/सिरदला: नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को आहर में डूबने से करीब 16 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बढ़ी बीघा गांव निवासी रामविलास यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। प्रिंस तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।
घटना बढ़ी बीघा और नाद गांव के बीच स्थित आहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रिंस शौच के लिए आहर की ओर गया था। इसी दौरान आहर से खेतों की सिंचाई के लिए पानी देने को लेकर दोनों गांवों के लोगों के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि बढ़ी बीघा गांव के दलजीत सिंह द्वारा आहर से खेतों में पानी दिया जा रहा था और पानी वितरण का समय पहले से निर्धारित था।
इसी बीच नाद गांव से बड़ी संख्या में लोग आहर के पास पहुंचे और पुल की ईंटें हटाने लगे। बढ़ी बीघा के ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मारपीट की घटना में बढ़ी बीघा गांव निवासी शिवकुमार यादव, संजय यादव समेत करीब चार लोग घायल हो गए।
इसी दौरान प्रिंस के आहर में लापता होने की जानकारी सामने आई। ग्रामीणों ने काफी देर तक आहर में उसकी तलाश की, लेकिन गहरे पानी के कारण उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना सिरदला पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से आहर का पानी काटकर जलस्तर कम कराया गया। पानी का स्तर कम होने के बाद दोबारा तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान प्रिंस को आहर से बाहर निकाला गया।
परिजन आनन-फानन में प्रिंस को लेकर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. अजय चौधरी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजन शव के पास मौजूद रहे और बड़े भाई के आने का इंतजार करते रहे।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
प्रिंस की मौत को लेकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि धान की पटवन के पानी को लेकर हुए विवाद के दौरान प्रिंस के साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारकर आहर में फेंक दिया गया। हालांकि, अभी तक हत्या के आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रिंस की मौत डूबने से हुई या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चलंत फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। रजौली डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर ने सिरदला पीएचसी पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मामले की स्थिति का जायजा लिया।
सिरदला थानाध्यक्ष ने बताया कि नाद गांव के दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा गया शव
नवादा से ETV Bharat के संवाददाता ने सिरदला थाना प्रभारी से बातचीत की। थानाध्यक्ष ने बताया कि धान की पटवन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान यह घटना हुई। नाबालिग के शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस को आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दो गांवों के बीच तनाव की स्थिति
प्रिंस की मौत के बाद बढ़ी बीघा और नाद गांव के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। समाजसेवी बिनोद कुमार, राजदेव यादव, साधु यादव और संजय यादव ने प्रिंस की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि एक छोटे से विवाद ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। उन्होंने लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही प्रिंस की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग की मौत महज आहर में डूबने से हुई या पटवन को लेकर हुए विवाद के दौरान उसके साथ किसी तरह की आपराधिक घटना हुई।



