आरा/आशुतोष पाण्डेय
:भोजपुर जिले में लगातार दो शिक्षकों की मौत से शिक्षा जगत में सनसनी फैल गई है। जगदीशपुर अनुमंडल मुख्यालय में किराये के मकान में रह रही बीपीएससी शिक्षिका सौम्या राज का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मकान मालिक ने जगदीशपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर मामले की जांच शुरू की। मृतका की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी सुबोध कुमार की पुत्री सौम्या राज के रूप में बताई गई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।
इधर, इससे एक दिन पहले शुक्रवार को बड़हरा थाना क्षेत्र के बिराहिमपुर कर्जा पुल के समीप एक सरकारी शिक्षक चंद्र किशोर मिश्रा की मौत हो गई थी। वह बिराहिमपुर स्थित रामचंद्र सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षक थे। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में नीलगाय से बाइक टकराने की आशंका जताई गई है, जबकि परिजनों ने मौत को लेकर साजिश की आशंका व्यक्त की है। पुलिस हादसे और हत्या दोनों बिंदुओं पर तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है।
फिलहाल दोनों मामलों में मौत की वास्तविक वजह जांच का विषय बनी हुई है। पुलिस अनुसंधान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की उम्मीद है।




