रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!
हाथों में तिरंगा लेकर जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश
गयाजी। 47वीं बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में गुरुवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा को सीआरपीएफ कमांडेंट अवधेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए जवान पूरे उत्साह और जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से भर गया।
मौके पर कमांडेंट अवधेश कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान और गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी जवानों एवं आम नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि यह यात्रा मुख्यालय से निकलकर रामपुर, सिकड़िया मोड़, पांच नंबर गेट, पुलिस लाइन सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मुख्यालय पहुंची।
यात्रा के दौरान जवानों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसके महत्व के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी केके सिंह, एके सिंह, डिप्टी कमांडेंट उत्तम कुमार, पंकज कुमार, अभय सिंह भाटी सहित अन्य अधिकारी और जवान मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह देखने को मिला।
बाईट – अवधेश कुमार कमांडेंट
४७ बटालियन सीआरपीएफ, गयाजी
रिपोर्ट – अभिषेक कुमार
गयाजी



