आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा/भोजपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कृष्णगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरहदा-शिवपुर रोड से एक उजले रंग की i20 कार से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कृष्णगढ़ थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक कार के माध्यम से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने फरहदा-शिवपुर रोड पर निगरानी और वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थिति में एक उजले रंग की i20 कार को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 80.460 लीटर बताई जा रही है। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने कार को जब्त कर लिया तथा उसमें सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही शराब तस्करी में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने बरामद शराब और जब्त i20 कार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



