सूर्य मंदिर दर्शन के बाद आईजी विकास वैभव ने एनटीपीसी के ओवरलोड फ्लाई ऐश ट्रकों पर दिए कार्रवाई के निर्देश!

SHARE:

रिपोर्ट – रुपेश कुमार!

औरंगाबाद। मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव आज औरंगाबाद जिले के विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर पहुंचे। लगभग 21 वर्षों बाद इस अलौकिक मंदिर में दर्शन का अवसर मिलने पर उन्होंने विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना की और बिहारवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में आईजी ने कहा, मेरा सौभाग्य है आज लगभग इक्कीस वर्षों के पश्चात इस अलौकिक मंदिर में आने का सौभाग्य मिला है। पूरे क्षेत्र और बिहार के भविष्य के लिए मैंने प्रार्थना की है। भगवान सूर्य से प्रार्थना है कि अपने प्रकाश से पूरे राष्ट्र को ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करें।”
आईजी ने कहा कि मगध क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। कानून के राज को पूरी तरह स्थापित करने में और बिहार को विकसित बनाने में मेरी भूमिका रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और आम जनता को भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराया जाए।
इसी दौरान मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों ने आईजी को नबीनगर स्थित एनटीपीसी से निकलने वाले ओवरलोड फ्लाई ऐश ट्रकों की समस्या से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि एनटीपीसी से रोजाना सैकड़ों की संख्या में ओवरलोड ट्रक निकलते हैं। इससे सड़कें जल्दी खराब हो रही हैं, उड़ती धूल से सांस और आंखों की बीमारियां बढ़ रही हैं तथा आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के कारण यातायात भी बाधित होता है और बच्चों-बुजुर्गों को सड़क पार करने में दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आईजी विकास वैभव ने संबंधित अधिकारी को मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाए। नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रक मालिकों और चालकों पर जुर्माना के साथ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित जांच और निगरानी करने का भी आदेश दिया।
दर्शन के दौरान सूर्य मंदिर न्यास समिति के सदस्यों ने आईजी विकास वैभव का भव्य स्वागत किया। समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। न्यास समिति के अध्यक्ष ने कहा कि आईजी के नेतृत्व में मगध क्षेत्र में कानून व्यवस्था और बेहतर होगी तथा श्रद्धालुओं को भी अच्छी सुविधाएं मिलेंगी इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी आईजी के साथ थे। स्थानीय लोगों ने आईजी के त्वरित हस्तक्षेप की सराहना की और उम्मीद जताई कि अब ओवरलोड ट्रकों की समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।

Join us on:

और पढ़ें