रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालन्दा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के तारापुर गांव के पास रविवार की रात बदमाशों ने बाइक सवार अमनारखास पंचायत के पंचायत समिति सदस्य श्याम प्रसाद की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक जगाई गांव निवासी गनौरी बिन्द के 45 वर्षीय पुत्र थे। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को एकंगरसराय चौक के पास रखकर सड़क जाम कर दिया। इससे चौक पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।परिजनों के अनुसार, श्याम प्रसाद निजी अस्पताल में ड्यूटी खत्म करने के बाद शाम में बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तारापुर गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली काफी नजदीक से मारी गई। गले में गोली लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। हत्या की खबर मिलते ही दर्जनों की संख्या में परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों में घटना को लेकर काफी आक्रोश था। ग्रामीणों ने शव को एकंगरसराय चौक के पास रख दिया और सड़क जाम कर हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
परिजनों का कहना था कि श्याम प्रसाद की किसी से क्या दुश्मनी थी, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। बदमाशों ने किस कारण से उनकी हत्या की, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।जाम की सूचना मिलते ही हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाया और हत्यारों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। काफी देर तक समझाने के बाद परिजन और ग्रामीण जाम हटाने के लिए तैयार हुए। डीएसपी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।



