सुपौल में चोरों ने कई घर को बनाया निशाना, पांच लाख के जेवर समेत लाखों की सामान चोरी!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- सदर थाना क्षेत्र के वीणा पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित बिन्दीटोल में देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात एवं अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना सुधीर यादव के घर में हुई। घटना के समय उनकी बेटी घर में पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई करते-करते वह सो गई। इसी दौरान चोर घर में प्रवेश कर बक्से में रखे जेवरात एवं अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह जब सुधीर यादव की बेटी की नींद खुली तो घर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर वह हैरान रह गई। उसने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने घर के आसपास खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर स्थित आम के बगीचे में कई सामान बिखरे मिले। परिजनों ने इसकी सूचना सुधीर यादव को दी। मौके पर पहुंचे सुधीर यादव ने बगीचे में पड़े सामान की पहचान अपने घर के सामान के रूप में की।
परिजनों के मुताबिक, सुधीर यादव की बेटी की कुछ दिन पूर्व ही शादी हुई थी और वह परीक्षा देने के लिए मायके आई हुई थी। वह अपने साथ शादी में मिले जेवरात भी लेकर आई थी। बताया गया कि रात में पढ़ाई के दौरान उसने अपने जेवर उतारकर बक्से में रख दिए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर बक्सा खंगाल दिया और जेवरात समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
परिजनों के अनुसार, चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा अन्य सामान की भी चोरी होने की बात कही गई है। हालांकि चोरी गए सामान की कुल कीमत का वास्तविक आकलन पुलिस जांच एवं परिजनों द्वारा दी गई सूची के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Join us on: