रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा!
दादी प्रकाशमणि जी की पावन स्मृति में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा शनिवार को 10 करोड़ प्रतिज्ञा महाअभियान का शुभारंभ किया गया.
भक्त श्रीधर सेवाश्रम, बड़हिया में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वस्थ, मूल्यनिष्ठ और नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय सेवाकेंद्र संचालिका बीके रोशनी बहन ने अतिथियों का तिलक व पटका पहनाकर स्वागत के साथ की. इसके बाद सभी अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और पोस्टर का अनावरण कर विधिवत अभियान की लांचिंग की. मौके पर उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण केवल कानूनों से नहीं होता, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, जागरूकता, आत्मसंयम, सकारात्मक सोच, जीवन मूल्यों और जनभागीदारी से होता है.
बताया गया कि इस अभियान के तहत विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, महिलाओं, अभिभावकों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों को जोड़ा जायेगा. यह अभियान युवा सशक्तिकरण के माध्यम से नशामुक्त और विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है.
मौके पर ब्रह्माकुमारीज़ मोकामा की संचालिका बीके निशा बहन, नगर परिषद बड़हिया की सभापति डेजी कुमारी, वार्ड नं. 5 व 22 के वार्ड सदस्य, शिक्षक रामप्रवेश सिंह सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
कार्यक्रम में करीब 50 लोगों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली. वहीं गुरुकुल मानव संस्कार पब्लिक स्कूल में 250 और न्यू आदर्श विद्यालय में 200 विद्यार्थियों ने नशा नहीं करने की प्रतिज्ञा ली.




