हर घर तिरंगा-2026 अभियान के तहत SSB ने ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ निकाली तिरंगा यात्रा!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के गंगौर मे
स्वतंत्रता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में भारत सरकार द्वारा संचालित ‘हर घर तिरंगा-2026’ एवं ‘वंदे मातरम्’ अभियान के अंतर्गत 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के ‘डी’ समवाय गंगौर एवं इसके अधीनस्थ सीमा चौकी फुलहर तथा सीमा चौकी अखराघाट द्वारा स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों की सहभागिता से विभिन्न राष्ट्रभक्ति एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से की गई। एस एस बी कार्मिकों ने स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसकी गरिमा एवं सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य के बारे में जागरूक किया। ग्रामीणों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतर्गत स्थानीय ग्रामीणों एवं बच्चों की सहभागिता से साइकिल एवं पैदल तिरंगा रैली भी आयोजित की गई। अखराघाट क्षेत्र में साइकिल तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं फुलहर क्षेत्र में ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ पैदल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान प्रतिभागियों द्वारा “हर घर तिरंगा”, “वंदे मातरम्” एवं “भारत माता की जय” के नारों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस एवं राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।


साइकिल एवं पैदल रैली के माध्यम से सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति एवं राष्ट्रध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामीणों एवं बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लेकर ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के प्रति अपना समर्थन एवं सहभागिता प्रदर्शित की।
कार्यक्रम के दौरान एस एस बी कार्मिकों द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक करें।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य सीमा क्षेत्र में जनसहभागिता बढ़ाना, स्थानीय नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करना तथा युवाओं एवं बच्चों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Join us on: