सुपौल न्याय मंडल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह को भावभीनी विदाई!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल न्याय मंडल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह को भावभीनी विदाई, निर्मली व्यवहार न्यायालय में सम्मान समारोह आयोजित

सुपौल :- जिले के अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय निर्मली के एमेनिटी भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सुपौल न्याय मंडल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में न्यायिक पदाधिकारियों, न्यायालय कर्मियों एवं अधिवक्ताओं ने उन्हें अंगवस्त्र, शॉल, मिथिला का पाग एवं पुष्पमालाओं से सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यवहार न्यायालय, निर्मली के सब जज (वरीय कोटि) श्याम नाथ साह ने की।
अपने संबोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह ने कहा कि निर्मली में व्यवहार न्यायालय की स्थापना और संचालन उनके लिए अत्यंत संतोष का विषय रहा है। उन्होंने कहा कि निर्मली की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को वे जीवनभर नहीं भूलेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि फौजदारी मामलों की सुनवाई भी जल्द ही निर्मली व्यवहार न्यायालय में शुरू होगी, जिसकी प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कल्याण समिति, कोशी प्रमंडल के अध्यक्ष रामलखन प्रसाद यादव ने कहा कि निर्मली में व्यवहार न्यायालय की स्थापना और संचालन का श्रेय काफी हद तक अनंत सिंह को जाता है। उन्होंने कहा कि भूमि पूजन के समय अनंत सिंह ने अपने कार्यकाल में ही न्यायालय भवन का निर्माण पूरा कर संचालन शुरू कराने का संकल्प लिया था, जिसे उन्होंने पूरा भी किया।
रामलखन प्रसाद यादव ने बताया कि 2 मई 2026 को तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू ने निर्मली व्यवहार न्यायालय का उद्घाटन किया था। उसी दिन से सब जज श्याम नाथ साह एवं न्यायिक पदाधिकारी भवेश कुमार ने न्यायिक कार्य प्रारंभ कर दिया। वर्तमान में इस न्यायालय में लगभग 400 दीवानी वादों की सुनवाई हो रही है।
समारोह को विधिज्ञ संघ के महासचिव भोला प्रसाद यादव एवं पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण मंडल ने भी संबोधित करते हुए अनंत सिंह के कार्यों की सराहना की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राहुल उपाध्याय, एडीजे-2 राकेश कुमार, न्यायिक पदाधिकारी भवेश कुमार, प्रोटोकॉल ऑफिसर सह नाजिर सर्वेश कुमार झा, प्रधान सहायक दिनेश कुमार जायसवाल, विधिज्ञ संघ के उपाध्यक्ष गुलाब चंद्र यादव, महासचिव भोला प्रसाद यादव, पूर्व महासचिव वीरेंद्र कुमार विमल, पूर्व कोषाध्यक्ष विजय कुमार साहू, महेश्वरी प्रसाद यादव, विकास कुमार, परमानंद सिंह, प्रदीप कुमार मंडल, जगदीश प्रसाद मंडल, हरेकृष्ण हिमांशु, स्थानीय नाजिर मनीष कुमार, मनोज कुमार, प्रियरंजन कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।
समारोह से पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनंत सिंह ने एमेनिटी भवन में नव निर्मित साक्षी कक्ष (विटनेस रूम) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान पुरुष एवं महिला साक्षियों के लिए बनाए गए अलग-अलग कक्षों का भी लोकार्पण किया गया।

Join us on: