सीएन हॉस्पिटल सील, ऑपरेशन के बाद भर्ती चार महिला मरीज अनुमंडलीय अस्पताल में शिफ्ट!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सीएन हॉस्पिटल सील, ऑपरेशन के बाद भर्ती चार महिला मरीज अनुमंडलीय अस्पताल में शिफ्ट, अवैध नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप

सुपौल :- जिले के त्रिवेणीगंज स्थित अवैध नर्सिंग होम एवं निजी क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को त्रिवेणीगंज मुख्यालय क्षेत्र स्थित खादी भंडार के समीप संचालित सीएन हॉस्पिटल को प्रशासन ने सील कर दिया। जांच के दौरान हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद भर्ती चार महिला मरीजों को एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल लाकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया।

अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ० उमेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल की जांच की। टीम में बीडीओ परमानंद कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एस. अदीब अहमद और स्थानीय पुलिस प्रशासन भी शामिल थे।

जांच के दौरान अस्पताल में एक भी चिकित्सक, संचालक या अन्य कर्मी मौजूद नहीं मिला। टीम के पहुंचने के बाद संचालक और कर्मियों के मौके से फरार होने की बात सामने आई। अस्पताल संचालन से संबंधित कागजात, चिकित्सकों की योग्यता, पंजीयन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

जांच के दौरान अस्पताल में ऑपरेशन के बाद चार महिला मरीज भर्ती मिले उनलोगों ने बताया गया कि करीब पांच दिन पहले ऑपरेशन हुआ था। मरीजों की स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सरकारी चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के जगता निवासी मंजू देवी, छातापुर प्रखंड के चरणे निवासी 32 वर्षीय फूलो देवी, जदिया के फुलकाहा निवासी शबनम खातून तथा प्रखंड के पूरनदहा वार्ड नंबर -15 निवासी 24 वर्षीय खुशबू कुमारी शामिल हैं।

जांच के दौरान जांच टीम ने अस्पताल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद प्रशासन की मौजूदगी में सीएन हॉस्पिटल को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस बाबत प्रभारी उपाधीक्षक डॉ० उमेश कुमार ने बताया कि बाजार क्षेत्र में अवैध नर्सिंग होम, निजी क्लीनिक और अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीएन हॉस्पिटल की जांच की गई, जहां ऑपरेशन के बाद चार महिला मरीज भर्ती मिले। सभी मरीजों को सुरक्षित रूप से अनुमंडलीय अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है।

उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगा।

Join us on: