12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा, हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान

सुपौल :- स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “हर घर तिरंगा अभियान–2026” को जन-जन का अभियान बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है। अभियान के सफल आयोजन और जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, सामाजिक एवं गणमान्य व्यक्तियों, एनसीसी, स्काउट एवं गाइड के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को प्रभावी, आकर्षक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, देशभक्ति और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने का जन आंदोलन है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रत्येक पंचायत, नगर निकाय, विद्यालय, महाविद्यालय, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में तिरंगा रैली, तिरंगा साइकिल रैली, ई-बाइक रैली, “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था, तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता तथा “सेल्फी विद तिरंगा” जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन सभी आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय 12 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य “तिरंगा यात्रा” को लेकर लिया गया। तय किया गया कि 12 अगस्त की सुबह 9 बजे तिरंगा यात्रा लोहिया चौक से प्रारंभ होकर गांधी मैदान, सुपौल तक जाएगी। इस यात्रा में विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य इस यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाना और लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और सुदृढ़ करना है।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने यात्रा मार्ग का निर्धारण, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिभागियों के लिए आवश्यक सुविधाएं, राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता तथा कार्यक्रम के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही कार्यक्रम का संपूर्ण दस्तावेजीकरण भी करने का निर्देश दिया गया, ताकि अभियान की गतिविधियों का प्रभावी रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और विभिन्न संस्थानों में राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के बीच भाषण, निबंध, चित्रकला, रंगोली तथा देशभक्ति गीत प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी बल दिया गया। इसके अलावा सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ने की रणनीति बनाई गई, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका संदेश पहुंच सके।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के प्रचार-प्रसार में सोशल मीडिया, स्थानीय मीडिया तथा अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग किया जाए। प्रत्येक गतिविधि की जानकारी आम लोगों तक समय पर पहुंचे और नागरिक स्वयं प्रेरित होकर अभियान में भाग लें, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे “हर घर तिरंगा अभियान–2026” को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं। प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान और संस्थान पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराएं तथा तिरंगा यात्रा सहित अभियान के अंतर्गत आयोजित सभी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। प्रशासन ने कहा कि यह अभियान देश के प्रति सम्मान, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, सुपौल, अपर समाहर्त्ता-सह-आपदा प्रबंधन, अपर समाहर्त्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, वरीय उप समाहर्त्ता सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं जिले के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया।

Join us on: