जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी के कई ठिकानों पर ईडी की रेड, मनी लॉन्ड्रिंग और ठगी से जुड़ा है मामला!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार

जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी मामले में ईडी का बड़ा एक्शन, जमालपुर में निदेशक के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी,सुबह से जारी कार्रवाई, परिजनों से पूछताछ; करोड़ों की कथित ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जांच तेज

मुंगेर के जमालपुर में जॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने सुबह करीब पांच बजे जमालपुर थाना क्षेत्र के नया टोला फुलका स्थित कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव के आवास समेत उससे जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
जानकारी के अनुसार, आधा दर्जन से अधिक ईडी अधिकारी सुबह तड़के नया टोला फुलका पहुंचे और स्थानीय लोगों की दिनचर्या शुरू होने से पहले ही तलाशी अभियान शुरू कर दिया। टीम जितेंद्र कुमार राजीव के परिजनों के घरों में भी छापेमारी कर रही है तथा उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस मामले में प्राथमिक आरोपी जय धन तांती और प्रिया राजीव रंजन से भी ईडी पूछताछ कर रही है। टीम दस्तावेजों, बैंक खातों और अन्य वित्तीय लेनदेन से जुड़े साक्ष्य खंगाल रही है।
बताया जाता है कि जॉलीवुड म्यूजिक कंपनी ने लोगों को कम समय में दोगुना पैसा और रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाकर निवेश कराया। आरोप है कि मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर तथा कोसी-सीमांचल के करीब पांच हजार लोगों से एक अरब रुपये से अधिक की कथित ठगी की गई। शुरुआत में कुछ निवेशकों को भुगतान कर भरोसा जीतने के बाद कंपनी ने बड़ी रकम जुटाई और फिर कथित रूप से संचालक फरार हो गए।
मामला करीब दो वर्ष पहले उस समय उजागर हुआ था, जब 50 से अधिक पीड़ितों ने कंपनी के खिलाफ विभिन्न थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पीड़ितों ने अपने पैसे की वापसी के लिए पुलिस, न्यायालय और प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। इस मामले में कंपनी के निदेशक जितेंद्र कुमार राजीव ने 27 नवंबर 2024 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं और मामला न्यायालय में लंबित है।
ईडी की मौजूदा कार्रवाई को इसी मामले में मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेनदेन की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विस्तृत जानकारी और छापेमारी के निष्कर्ष का इंतजार किया जा रहा है।

Join us on: