गयाजी- प्रशांत किशोर की जीत पर कार्यकर्ताओं ने मनाया विजय उत्सव, मां मंगला गौरी मंदिर में की पूजा-अर्चना!

SHARE:

रिपोर्ट – अभिषेक कुमार!

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की राजनीतिक सफलता पर गयाजी में जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीके से खुशियां साझा करते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और मां शक्ति पीठ मंगला गौरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम का नेतृत्व जनसुराज पार्टी के नेता रवि रंजन ने किया।

मंदिर परिसर में आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशांत किशोर की सफलता और बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया और इसे बिहार की राजनीति में एक सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष रवि रंजन ने कहा कि उन्होंने पहले से ही मां मंगला गौरी से प्रशांत किशोर की सफलता के लिए प्रार्थना की थी और आज उनकी मनोकामना पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार आज भी विकास के कई मानकों पर देश के निचले पायदान पर खड़ा है। राज्य में बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण जैसी गंभीर चुनौतियां मौजूद हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर लगातार इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और बिहार के युवाओं, महिलाओं तथा आम लोगों की आवाज बनने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा जनसुराज का उद्देश्य बिहार को विकास की मुख्यधारा में लाना और लोगों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

रवि रंजन ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति विपक्ष को कमजोर करने और समाप्त करने की दिशा में केंद्रित रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक खूबसूरती एक मजबूत और प्रभावी विपक्ष में होती है। यदि विपक्ष मजबूत रहेगा, तभी सरकार जनता के प्रति जवाबदेह बनी रहेगी और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने बिहार के विकास, सामाजिक परिवर्तन और जनहित के मुद्दों पर मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

बाईट- रवि रंजन जिला अध्यक्ष
बाईट- अमित कार्तिकेय
रिपोर्ट – अभिषेक कुमार
गयाजी

Join us on: