:- रवि शंकर अमित/गोविंद कुमार
मध्य विद्यालय रबाइच में बच्चों के हाथों में फावड़ा देकर जर्जर बिल्डिंग का मलबा हटाए जाने का मामला सामने आने के बाद हंगामा मच गया है। कुछ दिनों पहले ही स्कूल भवन का छत भरभराकर गिर गया था। गनीमत थी कि उस समय स्कूल की छत पर कोई बच्चा मौजूद नहीं था। स्कूल का मलबा कई दिनों से छत पर बिखरा पड़ा था। स्कूल प्रभारी ने बच्चों के हाथ में फावड़ा और झाड़ू देकर उन्हें स्कूल का मलबा हटाने का निर्देश दिया। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि स्कूल की कुछ महिला शिक्षिका गर्मी से बेहाल पंखा झल रही हैं, वहीं उनके सामने बच्चे जर्जर छत के नीचे से फावड़ा चलाकर मलबा हटा रहे हैं। इस दौरान कुछ बच्चे गिरे हुए छत के नीचे से बेंच बाहर निकालते भी देखे गए। स्कूल भवन की स्थिति इतनी भयावह है कि उसके नीचे खड़े होने में कभी भी उसके गिर जाने का खतरा बना रहता है। स्कूल के पास एक घर से एक महिला ने बच्चों का वीडियो बनाने के बाद यह मामला सामने आया है। वहीं स्कूल प्रभारी सिमरन कुमारी ने बताया कि बच्चों के हाथ में कुछ लोगों ने जबरदस्ती फावड़ा थमाकर वीडियो बना लिया है। कुछ दिनों पहले स्कूल भवन की जर्जर छत गिर जाने के बाद अब सीढ़ी पर बेंच लगाकर बच्चों को ऊपर जाने से रोक दिया गया है। लेकिन स्कूल का खंडहर भवन कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। स्कूल प्रभारी के कई बार आवेदन देने के बाद भी नए भवन का निर्माण नहीं हुआ है। वहीं स्कूल प्रशासन केवल स्कूल की जर्जर बिल्डिंग का रंग रोगन कर अपनी नाकामी छिपाने के प्रयास में जुटा है।
बाइट वीडियो वायरल करने वाली महिला



