:- रवि शंकर अमित/बबलू राय!
-बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सरकार लगातार बेहतर सुविधाओं का दावा कर रही है, लेकिन बेगूसराय सदर अस्पताल में बिहार सरकार के एक मंत्री को जो तस्वीर देखने को मिली, उसने कई सवाल खड़े कर दिए। गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने औचक निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत करने की बात कही है।बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान शुक्रवार सुबह बेगूसराय सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से भी बातचीत की।निरीक्षण के दौरान मंत्री को इलाज करते हुए नर्सें तो मिलीं, लेकिन डॉक्टर, अस्पताल अधीक्षक और सिविल सर्जन मौजूद नहीं मिले। इस पर मंत्री ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर उचित इलाज मिलना चाहिए, लेकिन डॉक्टरों की अनुपस्थिति गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत जिला पदाधिकारी के साथ-साथ बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से भी करेंगे।मंत्री ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र बखरी का एक परिवार हैदराबाद में हुए हादसे का शिकार हुआ था। परिवार के कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक घायल का इलाज बेगूसराय सदर अस्पताल में चल रहा है। उसी घायल का हालचाल जानने वे अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जो स्थिति सामने आई, उससे साफ है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में अभी व्यापक सुधार की आवश्यकता है।आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर भी मंत्री संजय पासवान ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आरक्षण के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और उनके नेता चिराग पासवान सामाजिक न्याय और आरक्षण के पक्षधर हैं तथा आरक्षण समाप्त करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेंगे। साथ ही उन्होंने निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने की वकालत की।बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की परंपरागत सीट रही है और वहां विकास के मुद्दे पर जनता मतदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा चुनाव जीतेंगे। वहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले राजनीति छोड़ने की बात कही थी, लेकिन अब फिर चुनावी मैदान में हैं।बेगूसराय सदर अस्पताल में मंत्री के औचक निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अब देखने वाली बात होगी कि मंत्री की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
बाइट- संजय पासवान,मंत्री,गन्ना उद्योग विभाग,बिहार सरकार!




