रिपोर्ट – मनोज कुमार!
बेतिया। पश्चिम चंपारण पुलिस ने नरकटियागंज में बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की एक साजिश को विफल कर दिया। शिकारपुर थाना पुलिस ने समकालीन अभियान के दौरान बलथर मार्ग स्थित घाघ पुल के पास गुप्त सूचना पर लाल इलेक्ट्रिक स्कूटी से आ रहे दो युवकों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से दो अवैध पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इरफान अंसारी और जफीर आलम के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि हथियार मेहंदी हसन और अल्ताफ आलम उर्फ अल्ताफ मियां ने गैंग के सरगना आकाश चौधरी तक पहुंचाने के लिए दिए थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आकाश चौधरी और अल्ताफ आलम को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि मेहंदी हसन फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी जमीन विवाद और रंगदारी से जुड़े मामलों में सक्रिय थे तथा एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रच रहे थे। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की भी जांच जारी है।



