गयाजी – दिव्यांग की रहस्यमयी मौत,परिजनों को हत्या का शक,कई एंगल से जाँच में जुटी पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट- अभिषेक कुमार!

गया जिले के इमामगंज से एक ऐसी रहस्यमयी मौत की खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक दिव्यांग युवक अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। पत्नी ने दो लोगों पर हत्या का शक जताया है। शराब कारोबार, आपसी विवाद और कथित अवैध संबंध—पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आखिर उस रात क्या हुआ? देखिए यह विशेष रिपोर्ट।

इमामगंज प्रखंड के कुशेश्वर पंचायत स्थित कसाई टोला में 35 वर्षीय दिव्यांग राजदेव भारती की संदिग्ध मौत से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या सांस रोककर की गई हो सकती है। हालांकि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

मृतक की पत्नी मुनिया देवी का आरोप है कि घटना से पहले बुगुल मियां और रोहित कुमार उनके घर आए थे और शराब पी रहे थे। पत्नी का कहना है कि अगले दिन सुबह रोहित कुमार फिर घर पहुंचा, जिसके बाद उनके पति की संदिग्ध मौत हो गई। उन्होंने दोनों पर हत्या का शक जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची, उसी दौरान रोहित कुमार अपनी बाइक लेने वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय मुखिया का दावा है कि मृतक और उसकी पत्नी कथित रूप से शराब के कारोबार से जुड़े थे और उनके घर अक्सर लोगों का आना-जाना लगा रहता था। वहीं पंचायत समिति सदस्य ने गांव में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री होने और पुलिस कार्रवाई नहीं होने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस पत्नी के कथित अवैध संबंध के एंगल की भी जांच कर रही है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इमामगंज थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला पूरी तरह जांच के अधीन है। पत्नी द्वारा लगाए गए आरोप, शराब कारोबार से जुड़े दावे और अन्य सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह हत्या है, दुर्घटना है या मौत के पीछे कोई और कारण।
बाईट – दिव्यांजलि जायसवाल ग्रामीण एसपी
रिपोर्ट – अभिषेक कुमार
गयाजी

Join us on: