रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
15 जनवरी से लगातार अनुपस्थिति, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की रिपोर्ट पर शिक्षक निलंबित; जांच प्रारंभ
मधुबनी जिले के लखनौर प्रखंड स्थित बेलही गुणाकरपुर मध्य विद्यालय में तैनात विशिष्ट शिक्षक विनोद कुमार को जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधुबनी के कार्यालय आदेश के तहत् निलंबित कर दिया गया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना, मधुबनी के द्वारा 27 जुलाई 2026 को जारी कार्यालय आदेश संख्या- 3900 में यह जानकारी दी गई है। साथ ही, आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, लखनौर के पत्रांक-353 दिनांक 27/05/2026 व पत्रांक-339 दिनांक 22/05/2026 के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। आदेश में आरोप लगाया गया है कि विनोद कुमार 15 जनवरी 2026 से लगातार बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित थे। उनके विरुद्ध स्वेच्छाचारिता, मनमानी और अनुशासनहीनता के साथ-साथ शैक्षणिक कार्य के प्रतिकूल कार्य करने का भी आरोप है। इन आरोपों को दृष्टिगत रखते हुए, बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण नियमावली 2005 के सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के दौरान शिक्षक विनोद कुमार का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, मधवापुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही, उनके खिलाफ अलग से आरोप पत्र तैयार किया जाएगा और आवश्यक अनुशासनात्मक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधुबनी ने उक्त आदेश को अनुमोदित कर दिया है। आदेश की प्रतियां संबंधित पक्षों को भेजा गया हैं। जिसमें प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, लखनौर, मधवापुर, कोषागार पदाधिकारी तथा जिलाधिकारी शामिल हैं। स्थानीय शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि इस
प्रकार की कड़ी कार्रवाई विद्यालयों में अनुशासन व शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक है। तो वहीं, कुछ अभिभावकों ने कहा है कि शिक्षक की अनुपस्थिति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और उचित व्यवस्थाओं का होना जरूरी है। प्रखंड शिक्षा कार्यालय ने आश्वासन दिया है कि शैक्षणिक गतिविधियों को बाधित न होने देने के लिए आवश्यक वैकल्पिक प्रबंध किए जाएंगे।
निलंबन आदेश और आरोप पत्र की प्रतिलिपि मिलते ही आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और जांच पूरी होने के बाद आवश्यकातानुसार अन्य आवस्यक कार्रवाई की जाएगी।




