ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात महिला की मौत, पहचान में जुटी आरपीएफ और पुलिस!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-11 स्थित रामपुर गांव के समीप बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर हुए एक दर्दनाक हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। बताया गया कि सहारसा की ओर जा रही ट्रेन संख्या 75202 की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसा रेलवे ट्रैक के पिलर संख्या-103 के पास हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही राघोपुर रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला रेलवे ट्रैक के किनारे पैदल चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ लगती थी तथा उसका एक हाथ भी दिव्यांग था। लोगों का कहना है कि उसे अक्सर राघोपुर बाजार क्षेत्र में भीख मांगते देखा जाता था। हालांकि समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। साथ ही राघोपुर थाना और आरपीएफ के वरीय अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।आरपीएफ पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को महिला की पहचान के संबंध में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।

Join us on: