रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के मरौना प्रखंड की सरोजा बेला पंचायत के वार्ड संख्या-12 स्थित कोनी गांव में बुधवार तड़के भीषण आग लगने से पांच परिवार के घर जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घरों से सामान निकालने का मौका भी नहीं मिल सका। ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अगलगी में करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। अगलगी की इस घटना में सुखदेव यादव, दिनेश यादव, शंभू यादव, दीपक यादव और संजय यादव के घर पूरी तरह जल गए। पीड़ित परिवारों ने बताया कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, आवश्यक कागजात सहित अन्य घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद सभी परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह पंचायत समिति प्रतिनिधि महेश कुमार यादव ने प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।महेश कुमार यादव ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सरकारी राहत उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से क्षति का आकलन कर शीघ्र मुआवजा और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है। मरौना के अंचल अधिकारी अभिजीत ने बताया कि मामले की जांच के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।




