रिपोर्ट:- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दीना पट्टी पंचायत के पिपराही गांव में पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से एक ग्यारह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतिका की पहचान दीना पट्टी पंचायत के पिपराही निवासी शिवकुमार ठाकुर की 11 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई हैं। बच्ची सोमवार की शाम करीब चार बजे घर से निकली थी। देर शाम तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की तो मंगलवार की सुबह किसान ईंट भट्ठा चिमनी के पास पानी भरे गड्ढे से शव बरामद की गई। घटना की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर बच्ची के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। उधर घटना की जानकारी के पश्चात मृतका की मां लीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
ज्ञात हो कि प्रियंका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि चिमनी भट्ठों के आसपास बने गहरे एवं खुले पानी भरे गड्ढों की तत्काल घेराबंदी कराई जाए, ऐसे गड्ढे लगातार हादसों को आमंत्रण दे रही है।
मामले की जानकारी देते हुए पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि पानी भरे गड्ढे में डूबने से एक 11 वर्षीय बच्ची की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा गया है, पोस्टमार्टम के पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया जायेगा। मामले में किसी तरह की शिकायत प्राप्त होने पर कानून संगत कार्रवाई की जाएगी।




