रूह कंपा देने वाली तस्वीर, सोए बच्चे के गले में लिपटा रहा किंग कोबरा!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला प्रखंड अंतर्गत बुद्धुआचक गांव में सोमवार की सुबह एक ऐसा खौफनाक वाकया सामने आया, जिसे देखकर हर किसी की सांसें थम गईं। यहां बिछावन पर गहरी नींद में सो रहे एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे के गले में करीब चार फीट लंबा सांप लिपट गया और उसके चेहरे के पास करीब एक घंटे तक फन फैलाए बैठा रहा। गनीमत यह रही कि इस दौरान बच्चा बिल्कुल निश्चल सोता रहा और सांप ने उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। जैसे ही बच्चे की नींद खुली, सांप खुद-ब-खुद उसकी गर्दन से उतरकर कमरे से बाहर निकल गया, तब जाकर परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

मिली जानकारी के अनुसार, बुद्धुआचक गांव निवासी राममूर्ति महतो की पुत्री शरथा अपने पांच वर्षीय पुत्र के साथ हरनौत के बहादुरपुर से अपने मायके आई हुई थीं। सोमवार की सुबह जब मां की नींद खुली, तो बिछावन का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि उनके मासूम बेटे के सीने से सरकता हुआ एक विशालकाय सांप उसकी गर्दन से लिपटा हुआ है और फन तानकर बैठा है। मां ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

कमरे के भीतर मासूम के गले में लिपटे सांप को देखकर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। कोई भी व्यक्ति बच्चे के पास जाने या सांप को हटाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था, क्योंकि जरा सी आहट या हरकत सांप को उग्र कर सकती थी और बच्चे की जान खतरे में पड़ सकती थी। परिजन भगवान से बच्चे की सलामती की दुआ मांगते रहे। लगभग एक घंटे तक सांप बच्चे की गर्दन पर फन फैलाए वैसे ही जमा रहा।

इसी बीच जब मासूम की नींद टूटी, तो आसपास लोगों की भीड़ देखकर वह रोने लगा और उठकर मां की तरफ जाने की कोशिश करने लगा। बच्चे के हिलते ही सांप बिना कोई नुकसान पहुंचाए उसकी गर्दन से धीरे-धीरे सरककर नीचे उतरा और कमरे से बाहर की ओर निकल गया। सांप के जाते ही मां ने तड़पकर अपने बच्चे को सीने से लगा लिया। इस अनोखी और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग कुदरत का करिश्मा और बच्चे की किस्मत बता रहे हैं।

Join us on: