रिपोर्ट – सुमित कुमार!
मुंगेर तैयार, कांवड़ियों के स्वागत को सजी कच्ची कांवरिया पथ, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
कमिश्नर, डीआईजी, डीएम और एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा, सात टेंट सिटी से लेकर 24 घंटे निगरानी तक विशेष व्यवस्था।
श्रावणी मेले को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर और पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने मुंगेर जिला सीमा कमराय स्थित कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी निखिल धनराज ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ियों की सुविधा के लिए कई नई व्यवस्थाएं की गई हैं। पूरे मार्ग पर कुल सात टेंट सिटी बनाई गई हैं। इनमें पांच पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन, एक पीएचईडी विभाग तथा एक नगर विकास विभाग द्वारा स्थापित की गई है। इन टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के ठहरने, विश्राम और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि मुंगेर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं का स्वागत करने के लिए गुफानुमा आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया गया है, जिससे उन्हें देवघर बोलबम यात्रा का आध्यात्मिक एहसास होगा। वहीं रात में यात्रा को सुगम और आकर्षक बनाने के लिए सामान्य रोशनी के साथ भगवान शिव के त्रिशूल और डमरू के आकार की विशेष डेकोरेटिव लाइटें लगाई गई हैं। वही पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि मुंगेर जिले के 26 किलोमीटर लंबे कच्ची कांवरिया पथ पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। पूरे मार्ग पर 13 पुलिस आउटपोस्ट बनाए गए हैं, जो 24 घंटे तीन शिफ्टों में कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस मुख्यालय से चार कंपनी अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा विभिन्न जिलों से अतिरिक्त जवान भी प्रतिनियुक्त किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती की गई है। डीएसपी रैंक के अधिकारियों का रोस्टर भी जारी कर दिया गया है, जो प्रतिदिन मार्ग का निरीक्षण और निगरानी करेंगे।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे कांवरिया पथ पर सीसीटीवी कैमरे, 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम तथा श्रद्धालुओं की संख्या पर नजर रखने के लिए हेड काउंट कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा गश्त के लिए पुलिस मुख्यालय से घुड़सवार दस्ता भी तैनात किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि इस बार श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और आध्यात्मिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। वही इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश रंजन अनुमंडलीय पुलिस पदाधिकारी कुमार देवेंद्र यातायात डीएसपी प्रभात रंजन मौजूद थे।
बाइट-निखिल धनराज निप्पनिकर जिला अधिकारी मुंगेर
बाइट-सैयद इमरान मसूद एसपी मुंगेर



