रिपोर्ट – निभाष मोदी
भागलपुर के सबौर थाना क्षेत्र स्थित खनकित्ता के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में अस्पताल के सुरक्षा गार्ड अजीत कुमार की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शनिवार को बरारी पुलिस कैंप की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।हादसे के बाद अजीत कुमार के घर नहीं पहुंचने पर उनकी बेटी अलका कुमारी और परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने करीब तीन से चार घंटे तक ब्लॉक चौक, सबौर और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की। इस दौरान लोगों से पता चला कि पेट्रोल पंप के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। घटनास्थल पर पहुंचने पर उन्हें पलटी हुई कार, क्षतिग्रस्त टोटो और पिता का सामान मिला, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।इसके बाद परिजन मायागंज अस्पताल पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद अस्पताल परिसर में रखे शव की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।मृतक की बेटी ने बताया कि उनके पिता डॉक्टर गुलाम रब्बानी के यहां सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। परिवार ने हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, उचित मुआवजा और न्याय की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।




