रिपोर्ट – अमित कुमार
पटना के दानापुर में शनिवार देर शाम एक बार फिर अपराधियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के नीतीश आहार की है, जहां आपसी रंजिश में ट्रैक्टर चालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर नीतीश आहार निवासी राजेश्वर राय के 27 वर्षीय पुत्र बबन राय के रूप में हुई है। बबन पेशे से ट्रैक्टर चालक था। परिजनों के मुताबिक शनिवार को वह ट्रैक्टर लेकर घर लौटा और वाहन खड़ा करने के बाद किसी का फोन आने पर पैदल घर से निकला। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि नीतीश आहार के पास अज्ञात लोगों ने उसे गोली मार दी है।परिजन गंभीर रूप से घायल बबन को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद बबन का मोबाइल फोन और नगद रुपये भी गायब थे।मृतक के भाई पप्पू राय ने बताया कि वर्ष 2021 से परिवार में जमीन और अन्य विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी। उनका आरोप है कि इसी विवाद के कारण चचेरे भाई पिंटू, धर्मवीर समेत अन्य लोगों ने बबन की गोली मारकर हत्या कर दी।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी सीमा देवी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद डायल-112 की पुलिस टीम काफी देर से घटनास्थल पर पहुंची।इधर, शाहपुर थाना अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिजनों का बयान दर्ज करने के बाद नामजद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
बाईट-मृतक के परिजन




