वरिष्ठ आरजेडी नेता व प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने थामा भाजपा का दामन, बोले राजद के पास ना निति ना नियत!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार के पूर्व मंत्री मंगल पांडे और की उपस्थिति में उन्होंने विधिवत बीजेपी की सदस्यता ली और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनका पूरा राजनीतिक जीवन एक खुली किताब रहा है और उन्होंने हमेशा सिद्धांतों के साथ काम किया है।

मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक राष्ट्रीय जनता दल में पूरी ईमानदारी, समर्पण और निष्ठा के साथ काम किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी को जमीन से जोड़ने और जनता की समस्याओं को उठाने का प्रयास किया। लेकिन पिछले कुछ समय से उन्हें महसूस हुआ कि राजद में अब न तो पुराने कार्यकर्ताओं की कद्र है और न ही पार्टी के पास कोई स्पष्ट दिशा बची है। अच्छे लोगों को सम्मान नहीं मिल पा रहा और संगठनात्मक स्तर पर भी लगातार गिरावट देखी जा रही है। इसी पीड़ा और असंतोष के कारण उन्होंने राजद छोड़ने का फैसला किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया में एक नई पहचान बना रहा है। विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के एजेंडे पर केंद्र सरकार जिस मजबूती से काम कर रही है वह सराहनीय है। बिहार में भी एनडीए सरकार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ठोस काम हो रहे हैं। इन्हीं नीतियों और संकल्पों से प्रेरित होकर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।

मृत्युंजय तिवारी ने विपक्ष की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा के सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की अनुपस्थिति जनता के प्रति गैर-जिम्मेदाराना रवैया दर्शाती है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल छात्रों तथा युवाओं के नाम पर केवल राजनीति कर रहे हैं, जबकि धरातल पर उनके पास कोई ठोस विजन नहीं है। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए शिक्षा और रोजगार से जुड़े कड़े कानून बनाने को प्रतिबद्ध हैं और इसी सोच के साथ वे अब बीजेपी के साथ मिलकर काम करेंगे।

सदस्यता ग्रहण के बाद मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा कि बीजेपी ने जो सम्मान दिया है उसकी रक्षा के लिए वे अपने तन-मन-धन से काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार में एनडीए को और मजबूत करने तथा प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने में वे पूरी ताकत से जुटेंगे।

Join us on: