रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
जिलाधिकारी, खगड़िया श्री विक्रम विरकर की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी प्रखंड परबत्ता से संबंधित विभिन्न सूचकांकों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न सूचकांकों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध लक्ष्य प्राप्त करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें तथा प्रत्येक सूचकांक में अपेक्षित प्रगति लाएं।
जिलाधिकारी ने जिला योजना पदाधिकारी, खगड़िया को निर्देशित किया कि आकांक्षी जिला खगड़िया अंतर्गत सभी सूचकांकों को सितंबर 2026 तक शत-प्रतिशत संतृप्त करने के लिए सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सहायक अभियंता (ग्रामीण कार्य विभाग), निदेशक, डीआरडीए सहित सभी संबंधित विभागों के साथ सतत समन्वय स्थापित करते हुए नियमित अनुश्रवण करें तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित कराएं।
आकांक्षी प्रखंड परबत्ता से संबंधित सभी सूचकांकों की संतृप्ति हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी, परबत्ता को सभी संबंधित विभागों के साथ प्रभावी अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित अवधि के भीतर लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के क्रम में नीति आयोग द्वारा अनुमोदित सभी अपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए भवन निर्माण विभाग, खगड़िया को सभी लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
जिला कृषि पदाधिकारी, खगड़िया को सॉयल हेल्थ कार्ड (Soil Health Card) से संबंधित निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र प्राप्त करने हेतु विशेष प्रयास करने तथा अभियान चलाकर प्रगति में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपस्थित पिरामल फाउंडेशन की टीम को स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित सूचकांकों की संतृप्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सूचकांक के लिए साप्ताहिक एवं मासिक लक्ष्य निर्धारित किए जाएं तथा नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनकी शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय, उत्तरदायित्व एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूचकांकों की शत-प्रतिशत संतृप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक विभाग अपने लक्ष्य की नियमित समीक्षा करे तथा नीति आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उपलब्धि सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयास करता रहे, ताकि सितंबर 2026 तक सभी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जा सके।




