कार्य बहिष्कार के बीच अस्पताल पहुँचकर एसडीएम ने क्यूँ कहा “थैंक यू डॉक्टर”?

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष चौहान!

अरवल में हुई डॉक्टरों के साथ हिंसक घटना के विरोध में वीरपुर में ओपीडी सेवा का हुआ बहिष्कार,वीरपुर एसडीएम की पहल पर ओपीडी सेवा बहाल

सेवा शुरू होते ही एसडीएम ने “थैंक यू डॉक्टर” कहकर दिया धन्यवाद,मरीजों ने ली राहत भरी सांस

सुपौल :- अरवल जिले में चिकित्सकों के साथ हुई हिंसक घटना के विरोध में बिहार के डॉक्टरों द्वारा अस्पताल में बुधवार को ओपीडी सेवा बहिष्कार के आह्वान का खासा असर सुपौल जिले के वीरपुर स्थित ललित नारायण अनुमंडलीय अस्पताल में देखने को मिला। जहां अस्पताल में ओपीडी सेवा ठप रहने से दूर-दराज़ से आए मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे कई मरीजों एवं उनके परिजन काफी परेशान व चिंतित दिखाई दिए।
मरीजों की इस पीड़ा की सूचना मिलते ही वीरपुर के नव पदस्थापित अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बिना देर किए अस्पताल का रुख किया। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया तथा मरीजों की कठिनाइयों को करीब से देखा। इसके बाद उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ० रहमान से आत्मीयता और विनम्रता के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन मरीजों की पीड़ा भी कम नहीं है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने इस संबंध में सुपौल के सिविल सर्जन से भी बातचीत की और समाधान का आग्रह किया। उनके भावपूर्ण अनुरोध और मरीजों के प्रति चिंता को देखते हुए चिकित्सकों ने पुनः ओपीडी सेवा बहाल करने का निर्णय लिया। सेवा शुरू होते ही मरीजों के चेहरों पर राहत भरी खुशी लौट आई। इस मानवीय पहल के लिए अनुमंडल पदाधिकारी ने चिकित्सकों को “थैंक यू डॉक्टर” कहकर धन्यवाद दिया और सभी ने राहत की सांस ली।

Join us on: