रिपोर्ट- अमित कुमार!
नीट छात्रों के आंदोलन पर कथित लाठीचार्ज, सोशल मीडिया से जुड़े नए नियमों और सरकारी स्कूलों के रंग-रोगन को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के विधायक अजय कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज दबाने का काम कर रही है। साथ ही उन्होंने खेसारी लाल यादव द्वारा प्रशांत किशोर के समर्थन को उनकी व्यक्तिगत राय बताया।
वीओ:
राजद विधायक अजय कुमार ने कहा कि बिहार के किसान और मजदूरों के बच्चे मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार परीक्षा पत्र लीक होने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों और मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ सरकार ने सख्ती की और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया।
उन्होंने सोशल मीडिया से जुड़े नए नियमों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया जा रहा है। उनका आरोप था कि सरकार ऐसे कानून बना रही है जिनके तहत सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर लोगों को जेल भेजा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजद सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरने का काम करेगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
अजय कुमार ने सरकारी स्कूलों की रंगाई-पुताई और नामकरण में किए जा रहे बदलावों पर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि सरकार मनमाने तरीके से फैसले ले रही है और जनता को इसका जवाब देना होगा।
वहीं, भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव द्वारा प्रशांत किशोर का समर्थन किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी राय रखने और किसी का समर्थन करने का अधिकार है। यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है।
बाइट: राजद विधायक अजय कुमार।




