कोशी बराज से जलप्रवाह में फिर बढ़ोतरी, 2.15 लाख क्यूसेक के करीब पहुंचा डिस्चार्ज, निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ी!

SHARE:

रिपोर्ट :- संतोष चौहान!

सुपौल :- नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर कोशी नदी पर साफ दिखाई देने लगा है। रविवार को कोशी बराज से पानी के बहाव में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। शाम 07 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार बराज से कुल 2,15,135 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना के बीच तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी तेज कर दी गई है।
जल संसाधन विभाग के कंट्रोल रूम से मिली अनुसार कोसी बराज से डाउन स्ट्रीम में 2,11,735 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। वहीं पूर्वी कोसी मुख्य नहर में पानी का प्रवाह शून्य रहा, जबकि पश्चिमी कोसी मुख्य नहर में 3,400 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस प्रकार कुल जलप्रवाह 2,15,135 क्यूसेक दर्ज किया गया। जो बढ़ने की प्रवृत्ति में है।
वहीं नेपाल के बराह क्षेत्र के (अपस्ट्रीम) पर शाम 06 बजे जलप्रवाह 1,56,000 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया, जो बढ़ रहा है। कोशी नदी के जलस्तर बढ़ने के कारण जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों ने तटबन्ध और स्परों पर चौकसी बढ़ा दी है।
जलप्रवाह में लगातार वृद्धि को देखते हुए कोशी तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गई है। जल संसाधन विभाग के अभियंता संवेदनशील स्थलों पर लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन ने तटवर्ती एवं निचले इलाकों के लोगों से नदी के किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में वर्षा जारी रहने पर आने वाले घंटों में जलप्रवाह में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकतानुसार सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Join us on: