आरा/आशुतोष पाण्डेय!
आरा से इस वक्त की बड़ी खबर…भाभी पर तंज कसना एक युवक को भारी पड़ गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई, जब बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई के सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल युवक को पहले आरा सदर अस्पताल और फिर पटना रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर भकुरा गांव में गुरुवार की रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि भाभी पर व्यंग्य करने को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने अपने छोटे भाई मनोज कुमार शर्मा उर्फ मोनू शर्मा (25 वर्ष) के सीने में गोली मार दी।
गोली लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
मुफस्सिल थाना प्रभारी राम कल्याण यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाभी पर तंज कसने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।



