मधुबनी पुलिस ने साइबर ठगी के संदेह में महिला और पुरुष को लिया हिरासत में; जांच जारी!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी नगर थाना की पुलिस टीम ने कथित साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह से जुड़े संदेह में एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया है। दोनों को सुबह 11 बजे के लगभग नगर मुख्यालय अंतर्गत सुभाष चौक के पास से गुप्त सूचना पर गिरफ्तार कर नगर थाना लाया गया, जहाँ उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने दोपहर करीब 1:30 बजे बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला गरीब और अनपढ़ महिलाओं के दस्तावेजों और बैंक खातों के दुरुपयोग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा महिलाओं के मोबाइल सिम, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य आवश्यक कागजात प्राप्त कर उनके नाम पर बैंक खाते खोले जा रहे थे। इन खातों में अचानक लाखों रुपये जमा होने के बाद खातों से स्वतः लेन-देन शुरू हो जाता था और कुछ मामलों में खाते बंद भी कर दिए गए। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि किसी खाते में लगभग छह लाख रुपये, किसी में दो लाख और कुछ खातों में नौ लाख रुपये तक का भुगतान दिखाई दिया। आरोप है कि यह पूरा नेटवर्क लोगों को लोन दिलाने के नाम पर छलपूर्वक फँसाकर संचालित किया जा रहा था। आगे थाना प्रभारी ने बताया कि अब तक लगभग बीस पीड़ित महिलाओं से पूछताछ की जा चुकी है और उनकी मैदानी तफ्तीश जारी है। हिरासत में लिए गए दोनों संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और धन के प्रवाह का पता लगाया जा सके, उन्होंने कहा कि जांच के हित में फिलहाल अधिक जानकारी सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा क्योंकि इससे कार्रवाई प्रभावित हो सकती है। इस मामले की जांच के दौरान कुछ विशेष सूत्रों से यह आशंका भी जताई गई है कि केस में संभावित विदेशी कनेक्शन होने की संभावना हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अब तक किसी भी विदेशी या देशविरोधी गतिविधि की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इस दिशा में भी जांच चल रही है। स्थानीय प्रशासन और बैंकिंग संस्थाओं से समन्वय कर प्रभावित खातों की स्थिति और धोखाधड़ी के वित्तीय सबूत जुटाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने पीड़ितों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि आरोपों की पुष्टि पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Join us on: