नवादा – चौंकाने वाला मामला, विधवा के खाते में दिखा 740 करोड़ रुपये बैलेंस, देखते ही बिगड़ी तबीयत!

SHARE:

नवादा / सोनू सिंह।

बिहार के नवादा जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। विधवा पेंशन की राशि निकालने के बाद एक महिला के बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दिखाई देने लगी। इस अप्रत्याशित बैलेंस को देखकर महिला की तबीयत बिगड़ गई, जबकि बैंक कर्मचारी भी सकते में आ गए।

नवादा शहर के वार्ड नंबर-28 स्थित नीम टोला की रहने वाली रेखा देवी के साथ यह अजीबो-गरीब घटना घटी। रेखा देवी, जो स्वर्गीय उदय नारायण पांडे की पत्नी हैं, बिहार पेंशन दिवस के अवसर पर अपने बैंक खाते से ₹1,100 की विधवा पेंशन राशि निकालने बैंक पहुंची थीं।

राशि निकासी के बाद उन्होंने बैंक कर्मियों से अपने खाते में शेष राशि की जानकारी मांगी। जब बैंक कर्मचारी ने उनके खाते का बैलेंस चेक किया, तो स्क्रीन पर ₹740 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये की राशि दिखाई दी। यह देखकर पहले तो खुद महिला हैरान रह गईं, वहीं बैंक कर्मियों को भी अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ।

मामले की पुष्टि के लिए बैंक कर्मचारियों ने दोबारा और फिर कई बार खाते की जांच की, लेकिन हर बार स्क्रीन पर वही भारी-भरकम राशि दिखाई देती रही। इस बीच बैंक में मौजूद अन्य लोगों को भी इसकी जानकारी मिल गई और देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई।

कुछ ही देर में बैंक परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जुटने लगी। कोई इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी बता रहा था, तो कोई इस असामान्य बैलेंस को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करने लगा। कई लोग इसे ‘चमत्कार’ तक कहने लगे, हालांकि बैंक कर्मियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

इधर, इतनी बड़ी राशि अपने खाते में देखकर रेखा देवी घबरा गईं। उन्होंने बताया, “मैं हार्ट की मरीज हूं। मैंने जीवन में कभी इतनी बड़ी रकम नहीं देखी। खाते में इतना पैसा देखकर मेरी तबीयत बिगड़ गई। मुझे डर लगने लगा कि कहीं इस वजह से मुझे किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।”

बताया जा रहा है कि महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें संभाला और घर ले गए। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

उधर, बैंक प्रबंधन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे तकनीकी त्रुटि (टेक्निकल गड़बड़ी) माना जा रहा है। बैंक अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम में आई किसी गलती के कारण खाते में गलत बैलेंस दिखा है, जिसे जल्द ही सुधार लिया जाएगा।

बैंक द्वारा खाते की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर इतनी बड़ी राशि खाते में कैसे प्रदर्शित हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी और ग्राहक को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

Join us on: