श्रावणी मेला को लेकर झंझारपुर एसडीपीओ ने की क्राइम मीटिंग, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

-मधुबनी, आगामी श्रावणी मेला को लेकर झंझारपुर अनुमंडल पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को मदनेश्वर स्थान मंदिर परिसर स्थित पंचायत सरकार भवन में झंझारपुर एसडीपीओ सुबोध कुमार सिंह की अध्यक्षता में मासिक क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल के सभी थानाध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक में एसडीपीओ ने श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंदिर परिसर, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सभी थाना प्रभारी पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करें।
मासिक क्राइम मीटिंग के दौरान लंबित कांडों की समीक्षा, वारंटियों की गिरफ्तारी, शराब तस्करी, साइबर अपराध, चोरी-डकैती एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसडीपीओ ने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, अवैध शराब और बालू तस्करी के विरुद्ध अभियान तेज करने तथा रात्रि गश्ती बढ़ाकर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने और शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की स्थिति से एसडीपीओ को अवगत कराया। इस अवसर पर सर्किल इंस्पेक्टर राज कपूर कुशवाहा, झंझारपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, भैरवस्थान थानाध्यक्ष सतेंद्र तिवारी, अड़रिया संग्राम थानाध्यक्ष अर्पण कुमार, लखनौर थानाध्यक्ष बेमिसाल कुमार, रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्रा, अंधराठाढ़ी थानाध्यक्ष जितेश मिश्रा, मधेपुर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार तथा भेजा थानाध्यक्ष आदित्य कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

बाइट:– सुबोध कुमार एसडीपीओ झंझारपुर

Join us on: