परमानंदपुर में बजरंगबली की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अष्टयाम संकीर्तन, भक्तिमय हुआ पूरा गांव!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के झंझारपुर प्रखंड क्षेत्र स्थित परमानंदपुर पुरबारी टोला स्थित नव-निर्मित बजरंगबली मंदिर में भगवान बजरंगबली की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई। प्राण-प्रतिष्ठा के उपरांत आयोजित अष्टयाम संकीर्तन से पूरा गांव भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंग गया। मंदिर परिसर में दिनभर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे। प्राण-प्रतिष्ठा के लिए भगवान बजरंगबली की भव्य प्रतिमा वाराणसी से मंगाई गई थी। विद्वान आचार्यों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्रतिमा स्थापित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान कुमारी कन्याओं एवं साधु-संतों का सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। वहीं अष्टयाम संकीर्तन में प्रसिद्ध भजन गायक इंग्लेश कामत एवं विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने भक्ति गीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो गया। श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन में तल्लीन रहे। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1979 में इस मंदिर का निर्माण समाजसेवी स्वर्गीय मौजेलाल राय ने कराया था। समय के साथ मंदिर जर्जर हो जाने पर उनके पुत्र दयानंद राय, गोविंद राय, रविंद्र राय एवं नवीन राय ने पुराने मंदिर के स्थान पर भव्य नए मंदिर का निर्माण कराया। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद वैदिक परंपरा के अनुसार भगवान बजरंगबली की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।
धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में पुरबारी टोला सहित पूरे गांव के लोगों ने सक्रिय सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने इसे गांव के धार्मिक और सांस्कृतिक इतिहास का गौरवपूर्ण एवं यादगार अवसर बताया।

Join us on: