मधुबनी शहर को मिली ₹2.33 करोड़ की बड़ी सौगात,अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर बड़ा फैसला!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

एम आर एफ एवं कम्पोस्ट पिट निर्माण से बदलेगी शहर की स्वच्छता व्यवस्था, आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में ऐतिहासिक कदम।

मधुबनी शहर के लिए लंबे समय से अपेक्षित एक महत्वपूर्ण उपलब्धि आखिरकार साकार हो गई है। जिलाधिकारी आनंद शर्मा के सतत प्रयास, निरंतर अनुश्रवण, विभागीय समन्वय एवं लगातार किए गए विभागीय पत्राचार के परिणामस्वरूप बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने नगर निगम, मधुबनी में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एम आर एफ) एवं कम्पोस्ट पिट के निर्माण के लिए ₹2,33,60,000 की स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना मधुबनी शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देने वाली एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
यह जानकारी जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने समाहरणालय सभाकक्ष में नगर निगम, मधुबनी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मधुबनी को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने इस परियोजना को प्रारंभ से ही सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने स्वयं समय-समय पर इसकी समीक्षा की, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के साथ नियमित पत्राचार एवं अनुश्रवण के माध्यम से इस परियोजना की स्वीकृति सुनिश्चित कराई।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक वित्तीय स्वीकृति नहीं, बल्कि मधुबनी के सुनियोजित शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। परियोजना के पूर्ण होने पर शहर में निकलने वाले सूखे एवं गीले कचरे का वैज्ञानिक पृथक्करण, पुनर्चक्रण तथा जैविक कचरे से कम्पोस्ट निर्माण की आधुनिक व्यवस्था विकसित होगी। इससे कचरे के वैज्ञानिक निष्पादन, पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उद्देश्यों को प्रभावी गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि विभागीय स्वीकृति के अनुसार परियोजना के लिए लगभग 08 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। मधुबनी जिले के छह नगर निकायों के लिए एम. आर. एफ एवं कम्पोस्ट पिट निर्माण का कार्य दो क्लस्टरों में कराया जाएगा, जिसमें मधुबनी नगर निगम को बेनीपट्टी एवं जयनगर नगर निकायों के साथ प्रथम क्लस्टर में शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके पूर्ण होने के बाद मधुबनी शहर की स्वच्छता व्यवस्था आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगी, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की नई मिसाल स्थापित होगी तथा शहर स्वच्छ, हरित और सतत विकास के क्षेत्र में बिहार के अग्रणी नगरों में अपनी सशक्त पहचान बनाएगा।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग, नगर निगम, मधुबनी तथा परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के सहयोग की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता एवं प्रशासन की प्रतिबद्धता से मधुबनी स्वच्छ एवं आदर्श शहर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।उक्त अवसर पर मेयर नगर निगम मधुबनी अरुण राय,नगर आयुक्त उमेश कुमार,अपर समाहर्ता मुकेश राजन झा सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Join us on: